Monday, 13 Jul 2026

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में कल महासमुंद जिले के मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद

महासमुंद। ऑनलाइन दवा कंपनियों की बढ़ती मनमानी और बिना स्पष्ट कानूनी प्रावधानों के धड़ल्ले से हो रही दवाओं की होम डिलीवरी के विरोध में कल 20 मई को महासमुंद शहर सहित पूरे जिले के मेडिकल स्टोर्स पूर्णतः बंद रहेंगे। अखिल भारतीय दवा विक्रेता संगठन (AIOCD) एवं जिला दवा विक्रेता संघ के आह्वान पर आयोजित इस एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल को जिलेभर के दवा व्यापारियों का समर्थन प्राप्त हुआ है।

दवा विक्रेताओं का कहना है कि ऑनलाइन कंपनियां केवल व्यापारिक लाभ के उद्देश्य से नियमों को दरकिनार कर दवाओं की बिक्री कर रही हैं। इससे न केवल स्थानीय छोटे और मंझोले मेडिकल स्टोर संचालकों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है, बल्कि जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

महासमुंद मेडिकल स्टोर्स के संचालक श्री अरसी ने बताया कि बिना किसी प्रभावी नियंत्रण और वैध नियमों के ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री लगातार बढ़ रही है। इससे देशभर के लाखों लाइसेंसधारी छोटे केमिस्टों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और बिना डॉक्टर की उचित सलाह के घर-घर दवाएं पहुंचाई जा रही हैं, जो मरीजों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

दवा व्यापारियों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत ऑनलाइन दवा बिक्री पर स्पष्ट और सख्त नियम लागू किए जाएं। साथ ही अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी उठाई गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले समय में स्थानीय मेडिकल व्यवसाय पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।

जिला दवा विक्रेता संघ ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह आंदोलन केवल व्यापारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य सुरक्षा और व्यवस्थित दवा वितरण व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए कल 20 मई को जिलेभर के सभी मेडिकल स्टोर्स बंद रखे जाएंगे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!