Thursday, 20 Aug 2026

महासमुंद की बेटी को राष्ट्रीय जिम्मेदारी, रूपकुमारी चौधरी बनीं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए सोमवार का दिन बड़ी उपलब्धि लेकर आया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान करते हुए महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही छत्तीसगढ़ की राजनीतिक पृष्ठभूमि से निकलकर रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय संगठन में महिलाओं की बड़ी जिम्मेदारी मिली है। यह जिम्मेदारी केवल रूपकुमारी चौधरी के लिए ही नहीं, बल्कि महासमुंद और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए राजनीतिक प्रतिष्ठा का विषय मानी जा रही है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ से रूपकुमारी चौधरी के साथ दीपक म्हस्के को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। विधायक से सांसद और अब राष्ट्रीय नेतृत्व तक का सफर

रूपकुमारी चौधरी का राजनीतिक सफर जमीनी संगठन से शुरू होकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचा है। वर्ष 2013 में उन्होंने बसना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। उन्हें 77,137 वोट मिले और उन्होंने कांग्रेस के देवेंद्र बहादुर सिंह को 6,239 मतों से पराजित किया था। वर्ष 2015 में उन्हें छत्तीसगढ़ शासन में महिला एवं बाल विकास विभाग की संसदीय सचिव की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद संगठन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें महासमुंद सीट से मैदान में उतारा और उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू को पराजित कर पहली बार लोकसभा में प्रवेश किया। अब महज दो वर्ष के भीतर उन्हें भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कमान सौंपना उनके राजनीतिक सफर में एक और बड़ा पड़ाव है।

महिलाओं को संगठन से जोड़ना होगी बड़ी चुनौती

राष्ट्रीय अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद रूपकुमारी चौधरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने महिलाओं को देश की विकास प्रक्रिया से जोड़ने और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों की दिशा में काम करने की बात कही है। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 10 महिलाओं और छह अल्पसंख्यक समुदायों के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी ने इसे संगठनात्मक अनुभव, युवा नेतृत्व, क्षेत्रीय विविधता और सामाजिक समावेश का संतुलन बताया है।

महासमुंद से दिल्ली तक बढ़ा राजनीतिक कद

रूपकुमारी चौधरी की नियुक्ति को महासमुंद की स्थानीय राजनीति से कहीं आगे छत्तीसगढ़ की बढ़ती राष्ट्रीय राजनीतिक भूमिका के रूप में भी देखा जा रहा है। एक छोटे से ग्रामीण अंचल से राजनीतिक यात्रा शुरू कर विधायक, संसदीय सचिव, संगठन की जिम्मेदारियों और फिर लोकसभा सांसद तक पहुंचने के बाद अब महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना उनके लिए बड़ा राजनीतिक विस्तार है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित प्रदेश भाजपा नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ के समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे को दर्शाती है।

महासमुंद की धरती से निकली एक महिला नेत्री को अब देशभर की महिला कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करना है। चुनौती बड़ी है, जिम्मेदारी उससे भी बड़ी—और आने वाला समय बताएगा कि रूपकुमारी चौधरी राष्ट्रीय संगठन में इस भरोसे को किस तरह नई दिशा और नई ताकत में बदलती हैं।

 

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!