

खम्हारपाली। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश के निर्देश और अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के आदेश पर चेकपोस्ट प्रभारी नरेंद्र साहू के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान टीम ने चेकपोस्ट के आसपास स्थित ढाबों और मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों की सघन जांच की। जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 वाहन पकड़े गए, जिन पर चालानी कार्रवाई करते हुए 20,000 का समन शुल्क वसूला गया।

इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और बताया कि सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है और यातायात व्यवस्था भी बाधित होती है। चालकों से अपील की गई कि वे वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़ा करें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता मानते हुए भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि वाहन चालक स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकें।


