दुर्ग। छत्तीसगढ़ सर्व रविदास समाज रायपुर के तत्वावधान में रविवार को दुर्ग में आमसभा एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों, प्रबुद्धजनों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, समाजसेवियों, माता-बहनों एवं युवाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले 55 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार और समानता के लिए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है और नई पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठा
आमसभा के दौरान छत्तीसगढ़ में रविदास समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार छत्तीसगढ़ में रविदास समाज की आबादी करीब 14 से 15 लाख है और समाज में अहिरवार, मेहर, सूर्यवंशी, कुरील, रामनामी, रैगर, बैरवा, मेघवाल, मोची, चमार सहित विभिन्न उपजातियां शामिल हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि इतनी बड़ी सामाजिक आबादी के बावजूद समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व के पर्याप्त अवसर नहीं मिले हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी अपेक्षा है कि राजनीतिक दलों द्वारा समाज की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए आयोग, निगम-मंडल तथा अन्य सार्वजनिक संस्थाओं में प्रतिनिधित्व के अवसर दिए जाएं। उन्होंने विधानसभा स्तर पर भी समाज की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
सामाजिक भवन और शिक्षा-रोजगार की मांग
पदाधिकारियों ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जयंती पर अवकाश घोषित किए जाने तथा उनके नाम पर अलंकरण समारोह की घोषणा का समाज स्वागत करता है, लेकिन सामाजिक विकास के लिए अभी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाने बाकी हैं। उन्होंने नई राजधानी क्षेत्र में समाज के लिए सामाजिक भवन तथा शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके साथ ही समाज के बच्चों की शिक्षा, रोजगार एवं कौशल विकास के लिए प्रभावी योजनाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की भावी पीढ़ी को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलेंगे तो सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को गति मिलेगी।
पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. के. एल. टांडेकर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पी. आर. रामेकर एवं के. एल. सोनवानी, प्रदेश संरक्षक नेतराम भोंडेकर, डॉ. एस. आर. कन्नौजे, डॉ. एम. के. एस. गजेन्द्र, महिला कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती आशा मंगेट, प्रदेश उपाध्यक्ष बालाराम कोलते, मुख्य सोशल मीडिया प्रभारी आसकुमार कन्नौजे तथा जिला अध्यक्ष दुर्ग जय महेश मालपूरे सहित समाज के पदाधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजक मंडल ने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, समाजसेवियों, माता-बहनों, युवाओं एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समाज की ओर से भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक उत्थान, रोजगार और समानता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया। समारोह में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए।


