Tuesday, 22 Sep 2026

16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना पर विशेष सामान्य सभा, विकास कार्यों के लिए 1.20 करोड़ की कार्ययोजना तैयार_केशव

बागबाहरा। जनपद पंचायत बागबाहरा के सभा कक्ष में सोमवार को केंद्र सरकार द्वारा संचालित 16वें वित्त आयोग की कार्ययोजना को लेकर विशेष सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने की। बैठक में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तरुण व्यव्हार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनहरण लाल मंडावी सहित जनपद पंचायत के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों और प्राथमिकताओं को सामने रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किए जाने पर सुझाव दिए। विशेष सामान्य सभा में ग्राम पंचायतों के विकास के लिए कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई। कार्ययोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा पंचायत स्तर पर आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि उपलब्ध राशि का उपयोग ग्राम पंचायतों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाए, ताकि इसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिल सके। सदस्यों ने क्षेत्रवार आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात रखी।

जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर ने कहा कि 16वें वित्त आयोग के माध्यम से उपलब्ध राशि का उपयोग ग्राम पंचायतों की प्राथमिक आवश्यकताओं और जरूरी विकास कार्यों के लिए किया जाना है। उन्होंने कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के साथ विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

वहीं बैठक में उपस्थित जनपद पंचायत सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और आवश्यकताओं को लेकर सुझाव रखे। विभिन्न प्रस्तावों और कार्ययोजना से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा के बाद आवश्यक प्रस्तावों पर सहमति बनाई गई। बैठक का उद्देश्य ग्राम पंचायतों की जरूरतों को प्राथमिकता के साथ कार्ययोजना में शामिल कर ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना रहा।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!