महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना, सरायपाली से ओडिशा तक फैले नेटवर्क पर कार्रवाई की चर्चा
महासमुंद। जिले में मजदूरों को कथित तौर पर लालच देकर और उनकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर दूसरे राज्यों में भेजने वाले मजदूर दलालों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर गुरुवार सुबह जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के साथ ओडिशा से जुड़े कुछ संदिग्ध मजदूर दलालों के ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी मिल रही है।
बताया जा रहा है कि महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली क्षेत्र में वर्षों से बड़ी संख्या में मजदूर दलाल सक्रिय हैं। आरोप है कि इन दलालों का नेटवर्क ओडिशा के कुछ इलाकों तक भी फैला हुआ है। मजदूरों को एडवांस राशि, अधिक मजदूरी और बेहतर रोजगार का लालच देकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर सहित दूसरे राज्यों में भेजे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि इस कथित नेटवर्क में सैकड़ों लोग अलग-अलग स्तर पर सक्रिय हैं। मजदूरों की भर्ती से लेकर उन्हें दूसरे राज्यों तक पहुंचाने और भट्ठा संचालकों से संपर्क कराने तक की पूरी व्यवस्था दलालों के माध्यम से संचालित होने के आरोप लगते रहे हैं।
इस कारोबार से जुड़े कुछ लोगों द्वारा वर्षों में बड़ी संपत्ति अर्जित किए जाने की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि, इन आरोपों और संपत्ति से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल पुलिस की ओर से नहीं हुई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब यह सवाल महत्वपूर्ण है कि जिले से दूसरे राज्यों में मजदूरों की कथित सप्लाई का यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस की आधिकारिक जानकारी से पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।


