महासमुंद। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर महासमुंद के पुलिस आरक्षी केंद्र परसदा में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।
कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, सरायपाली विधायक चातुरीनंद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, महासमुंद एसडीएम अक्षा गुप्ता तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक, आर आई दीप्ति कश्सयप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शहीद पुलिस जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
शहीद जवानों का त्याग और समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका बलिदान यह संदेश देता है कि देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा का दायित्व निभाते हुए पुलिसकर्मी कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते।कार्यक्रम के माध्यम से शहीद जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया। वीर जवानों की शहादत को देश सदैव सम्मान और गर्व के साथ याद करता रहेगा।


