महासमुंद। साहसिक प्रशिक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए 1 सीजी नेवल यूनिट एनसीसी रायपुर द्वारा कोडार बांध जलाशय में निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। 10 दिवसीय नौकायन अभियान शिविर ‘मेन्यू-2026’ के चौथे दिन आयोजित इस शिविर में आसपास के गांवों से पहुंचे 100 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं दवाइयों का लाभ लिया।
शिविर का आयोजन आरएलसी मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, महासमुंद के सहयोग से कोडार बांध के समीप जल संसाधन विभाग के गेस्ट हाउस परिसर में किया गया। अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं।
गौरतलब है कि मेन्यू-2026 नौकायन अभियान में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय की विभिन्न नौसेना एनसीसी इकाइयों के चयनित 60 कैडेट हिस्सा ले रहे हैं। दस दिनों तक चलने वाले इस शिविर में कैडेटों को नौकायन, वाटरमैनशिप और नौसेना से जुड़े तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
चिकित्सा शिविर का संचालन यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कमांडर पी. अनिरुद्ध के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान मुख्य अनुदेशक संदीप पी.ओ., जगदीश बिष्ट पी.ओ. सहित यूनिट के सैन्य एवं प्रशासनिक कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एनसीसी इकाई और आरएलसी अस्पताल की चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार जताया।



