महासमुंद। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दिवस के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने कार्यक्रम आयोजित कर अपने कार्य और सेवाओं को याद किया। छत्तीसगढ़ सक्षम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले शहर के वार्ड क्रमांक 21 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव पांडे सहित विभागीय अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के लिए संचालित विभिन्न सेवाओं और योजनाओं में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्ष 1975 से देशभर में आंगनबाड़ी व्यवस्था के माध्यम से कार्यकर्ता और सहायिकाएं लगातार अपनी सेवाएं दे रही हैं। लंबे समय से कम मानदेय में काम करने के बावजूद कार्यकर्ता बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, टीकाकरण, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं से संबंधित सेवाओं और शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव भी साझा किए।
छत्तीसगढ़ सक्षम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की प्रदेश अध्यक्ष सुधा रात्रे ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का काम केवल केंद्र संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि वे गांव और शहर के मोहल्लों में जाकर शासन की योजनाओं और विभागीय गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करती हैं। इसके बावजूद उनकी लंबे समय से चली आ रही मानदेय और अन्य मांगों पर शासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
कार्यक्रम में सुधा रात्रे, सुलेखा शर्मा, विमला सोनी, पूर्णिमा ठाकुर, अंजू चंद्राकर, रूपा भारती, अहिल्या मरकाम, धनमती बघेल, सुल्ताना खान, अंजुला चौरसिया, सरिता बागडे, अंजू प्रजापति, रेणुका निषाद, निर्मला गायकवाड, गुलापा चंद्राकर, योजना यादव, लल्ली आर्य, हाजरा खान, नूरी खान, भानमती साहू, राधा विश्वकर्मा, सुरेखा प्रधान, कौशल्या, कला सिंहा और अन्नपूर्णा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत कर उनके योगदान का सम्मान किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार को कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं का समाधान करने के साथ उनके मानदेय और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी ठोस पहल करनी चाहिए।



