
पांच मजदूर झुलसे, आखिर कहां सो रहा था श्रम विभाग? करणी कृपा प्लांट में हादसों का सिलसिला जारी, निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

महासमुंद। तुमगांव क्षेत्र के करणी कृपा पावर एंड स्टील प्लांट में पांच मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने की घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। भट्ठी की सफाई के दौरान गर्म डस्ट मजदूरों के ऊपर गिरने से पांच श्रमिक 35 से 75 प्रतिशत तक झुलस गए। सभी को रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन इस हादसे ने प्लांट प्रबंधन के साथ-साथ श्रम विभाग और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को भी सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मजदूरों की जान की कीमत पर चल रहे इन औद्योगिक प्रतिष्ठानों की निगरानी कौन कर रहा है? क्या प्लांट में भट्ठी की सफाई जैसे जोखिम भरे काम के लिए निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा था? क्या मजदूरों को हीट रेसिस्टेंट दस्ताने, सुरक्षा पोशाक, फेस शील्ड, हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए गए थे? यदि दिए गए थे तो पांच मजदूर इतनी बुरी तरह कैसे झुलस गए?
मार्च 2025 में भी हुआ था हादसा, फिर क्या कार्रवाई हुई?
इस मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि करणी कृपा प्लांट में मार्च 2025 में भी दुर्घटना हुई थी। उस समय तीन श्रमिक झुलसे थे। घटना के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक अश्वनी पटेल और महासमुंद के श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र ने प्लांट का निरीक्षण किया था। प्रबंधन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। ठेकेदार के खिलाफ भी श्रम कानूनों के तहत निरीक्षण कर नोटिस जारी किए गए थे।
अब सवाल यह है कि मार्च 2025 के निरीक्षण के बाद विभाग ने कितनी बार प्लांट की जांच की? क्या पुराने हादसे की जांच पूरी हुई? क्या प्रबंधन ने दिए गए निर्देशों का पालन किया? क्या सुरक्षा इंतजामों का दोबारा भौतिक सत्यापन किया गया? यदि निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद दोबारा पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए तो विभागीय निगरानी आखिर किस काम की?
निरीक्षण कागजों पर या जमीन पर?
श्रम विभाग की जिम्मेदारी केवल हादसे के बाद निरीक्षण करना और नोटिस जारी करना नहीं है। औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करना भी विभाग की जिम्मेदारी है। ऐसे में पिछले तीन-चार वर्षों में प्लांट में हुई दुर्घटनाओं का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक होना चाहिए। प्रत्येक निरीक्षण की तारीख, निरीक्षण रिपोर्ट, कमियां, जारी नोटिस और की गई कार्रवाई सामने आनी चाहिए।
जवाबदेही तय हो, सिर्फ जांच की औपचारिकता नहीं
अब जिला प्रशासन, श्रम विभाग और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग को संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच करनी चाहिए। जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि हादसे के समय मजदूरों को कौन-कौन से सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे, भट्ठी की सफाई से पहले गर्म डस्ट का तापमान जांचा गया था या नहीं, काम की अनुमति और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ था या नहीं।
यदि प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही यदि विभागीय निरीक्षण में लापरवाही या निर्देशों की अनदेखी उजागर होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। आखिर कब तक मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर काम करेंगे और हादसे के बाद विभागीय जांच का इंतजार करते रहेंगे? यह सवाल अब महासमुंद के प्रशासन और श्रम विभाग को जवाब देना ही होगा।


