Saturday, 13 Jun 2026

बलरामकांत साहू की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

महासमुंद। महासमुंद के नगर पंचायत तुमगाँव के अध्यक्ष बलरामकांत साहू की गिरफ्तारी को लेकर अब आंदोलन तेज़ हो गया है। मंगलवार को नगर पंचायत के पार्षदों और नगरवासियों का प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने इस गिरफ्तारी को फर्जी बताते हुए कहा कि 29 अगस्त 2025 को पुलिस ने सुबह 5.30 बजे बलरामकांत साहू को घर से पूछताछ के लिए बिना किसी वारंट के जबरिया उठाकर ले गए और एक महिला को छेड़छाड़ की शिकायत पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को निराधार और राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा बताया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया कि बलरामकांत साहू ने अपने सहयोगी पार्षदों और नगरवासियों के साथ मिलकर क्षेत्र में चल रहे अवैध देह व्यापार और अवैध शराब विक्रय के खिलाफ थाना प्रभारी, तुमगाँव को लिखित शिकायत दी थी। लेकिन कार्रवाई करने के बजाय, आवाज उठाने वाले निर्वाचित अध्यक्ष को ही निशाना बनाकर जेल भेज दिया गया।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि यह कदम पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करता है और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए।निर्दोष नगर पंचायत अध्यक्ष को न्याय दिलाने हेतु विपक्ष की ओर से ठोस पहल की जाए। विधानसभा व अन्य मंचों पर इस प्रकरण को उठाकर प्रशासन पर दबाव बनाया जाए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

 

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!