महासमुंद। 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन बलौदाबाजार में 3 से 6 सितंबर तक किया जा रहा है। इसमें रायपुर संभाग के अंडर-14 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी रग्बी फुटबॉल खेल में हिस्सा लेंगे।
महासमुंद जिले से 7 खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। चयनित खिलाड़ियों में तुमगांव से यथार्थ रात्रे, देवेश साहू, विनय तारक, झलक ध्रुव, भूमि यादव तथा तुसदा बागबाहरा से लवकुमार एवं रजनी खड़िया शामिल हैं। बालिका वर्ग में अंजु प्रजापति भी टीम का हिस्सा होंगी।
खिलाड़ियों ने तुमगांव खेल मैदान एवं तुसदा स्कूल में नियमित अभ्यास कर संभाग स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। दल के साथ व्यायाम शिक्षक एवं प्रशिक्षक डॉ. सुनील कुमार भोई भी रवाना हुए हैं।
प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे खिलाड़ियों को महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिंहा, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजलि बरमाल सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक व खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं


