Friday, 9 Oct 2026

महासमुंद जिला एथलेटिक्स दल का चयन 11 अक्टूबर को

राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप के लिए हैदराबाद जाएंगे चयनित खिलाड़ी

महासमुंद। नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक मीट में महासमुंद जिले का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 11 अक्टूबर को चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला एथलेटिक संघ के तत्वावधान में होने वाली यह प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से फॉरेस्ट ग्राउंड, बीटीआई रोड महासमुंद में शुरू होगी। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए हैदराबाद जाएंगे।

जिला एथलेटिक संघ के अनुसार चयन प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। बिना ऑनलाइन पंजीयन के किसी भी खिलाड़ी को चयन प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। खिलाड़ियों से समय पर पंजीयन कराने की अपील की गई है।

14 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक एवं बालिकाओं के लिए ट्रेथलन की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी। ट्रेथलन ए में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद, जबकि ट्रेथलन बी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और बैक थ्रो शामिल है। ट्रेथलन सी में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद और 600 मीटर दौड़ होगी। इस आयु वर्ग में भाला फेंक स्पर्धा भी अनिवार्य रहेगी।

16 वर्ष से कम आयु वर्ग में 60 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, 600 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और भाला फेंक जैसी स्पर्धाएं होंगी। इसके अलावा पेंटाथलन में 60 मीटर, 80 मीटर हर्डल्स, ऊंची कूद, गोला फेंक और 600 मीटर की स्पर्धाएं शामिल रहेंगी। चयन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ एक फोटो, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और जन्म प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के अभाव में चयन प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है।

ऑनलाइन पंजीयन के लिए दिए गए लिंक https://forms.gle/QfExTAQiHbMhihK77 पर आवेदन किया जा सकता है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए चारुलता गजपाल (9755505946) एवं रेखराम ध्रुव (9399602860) से संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!