बिलासपुर, 11 सितम्बर। शहर में बढ़ती चाकूबाज़ी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने बताया कि अब तक 300 से अधिक मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने ऑनलाइन तस्करी के दौरान 276 चाकू जब्त किए, वहीं 36 चाकू बाहरी जिलों से आए अपराधियों से बरामद किए गए। सभी प्रकरणों की रिपोर्ट न्यायालय को सौंपी जा चुकी है और अदालत ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है।
छात्रों के संबंध में एसपी ने कहा कि पुलिस का किसी वर्ग विशेष के प्रति कोई पूर्वाग्रह नहीं है। यदि कोई छात्र भी अपराध में शामिल पाया जाता है, तो उसे भी कानून का सामना करना पड़ेगा। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि समस्याओं के समाधान के लिए भीड़ या नारेबाजी की बजाय 5–6 प्रतिनिधियों के माध्यम से ज्ञापन देना अधिक प्रभावी तरीका है। साथ ही, अफवाहों पर ध्यान न देने और पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।
एसपी सिंह ने कहा कि नशा, अवैध हथियार और अपराध पर नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए समाज और पुलिस दोनों का सहयोग आवश्यक है।


