सेवा पखवाड़ा के तहत स्वाध्याय केंद्र में जिला स्तरीय प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन
महासमुंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर जिलेभर में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को स्थानीय स्वाध्याय केंद्र में जिला स्तरीय प्रबुद्धजन वर्ग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं वर्तमान विधायक सुनील सोनी, जिला भाजपा अध्यक्ष येतराम साहू तथा पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे हुआ। सेवा पखवाड़ा के जिला संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता राहुल चंद्राकर और कार्यक्रम संयोजक सतपाल सिंह पाली के संयोजन में आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जीएसटी स्लैब में छूट एवं मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा की गई।
विधायक सुनील सोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को 25 करोड़ प्रदेशवासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय और दूरदर्शी नेता हैं। आज पूरी दुनिया मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का दर्शन कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में अर्थव्यवस्था, विरासत, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां मिली हैं। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे और गांव-गरीब-किसान व वंचित वर्ग को प्राथमिकता देने से देश की तस्वीर बदली है।
भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का सम्मान आज हकीकत बन चुका है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण, केदारनाथ-बद्रीनाथ का कायाकल्प और महाकाल लोक का निर्माण नए भारत की पहचान हैं।
उन्होंने कोविड प्रबंधन का उल्लेख करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया असहाय थी, तब भारत ने वैक्सीन निर्माण और वितरण कर बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने जीएसटी स्लैब को 4 से घटाकर 2 करने के निर्णय को आमजन के लिए बड़ी राहत बताया।
पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का पहला चरण “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान है। इसके तहत महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, पोषण कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियां चल रही हैं। आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और जांच संबंधी कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनसे जरूरतमंदों को निशुल्क सुविधाएं मिलेंगी। इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।


