महासमुंद। स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर दिल्ली IAS एकेडमी ने अपने स्थापना के 19 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर प्रातः “युवाथान मैराथन” का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना रहा।
मैराथन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त खजांची कुम्हार एवं विशिष्ट अतिथि संस्थान के संस्थापक सौरभ चतुर्वेदी की माता प्रमिला चतुर्वेदी रहीं। अतिथियों ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन में पुरुष वर्ग में अंकित कुमार ने प्रथम, भूषण प्रताप ने द्वितीय तथा कृष्ण यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में ओम साहू प्रथम, सरगम चौहान द्वितीय एवं मोनिश पटेल तृतीय रहीं। विजेताओं को क्रमशः ₹3100, ₹2100 एवं ₹1100 की नगद राशि, मेडल व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि खजांची कुम्हार ने योग एवं ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन भी आवश्यक है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान प्रमुख सौरभ चतुर्वेदी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली पूंजी है और ऐसे आयोजन युवाओं को लक्ष्य के प्रति अनुशासित बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य प्रबंधक विद्या चतुर्वेदी एवं कार्यकारी निदेशक ई. नवनीत सिंह राठौर ने जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग, पुलिस व यातायात विभाग सहित सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


