Wednesday, 10 Jun 2026

बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटी, 6 बच्चे गंभीर घायल

बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज क्षेत्र के महादेवपुर स्थित मॉडल पब्लिक स्कूल की एक वैन आज सुबह हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि वैन में क्षमता से कहीं अधिक 30 से ज्यादा बच्चों को ठूंस-ठूंसकर बैठाया गया था, तभी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

गंभीर रूप से घायल 6 बच्चे

हादसे में करीब आधा दर्जन बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्कूल प्रबंधन की मदद से तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। अन्य बच्चों को भी प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वैन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। वहीं, वाहन में बच्चों की संख्या क्षमता से कई गुना ज्यादा थी। यह स्थिति साफ तौर पर स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को उजागर करती है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल खड़े किए हैं और कहा कि आए दिन ओवरलोड स्कूल वैन और बसें हादसों को न्योता दे रही हैं, लेकिन प्रशासन की निगरानी शून्य है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि वैन के कागजात, फिटनेस और चालक की वैधता की भी जांच की जाएगी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा न केवल एक स्कूल प्रबंधन की लापरवाही को दिखाता है बल्कि यह भी साबित करता है कि ओवरलोड वाहनों पर लगाम कसने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कदम उठाना जरूरी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!