तीनों संभागों में चला विशेष ‘मास डिस्कनेक्शन’ अभियान, 109 उपभोक्ताओं से 17.49 लाख की वसूली
महासमुंद। विद्युत बकाया राशि की वसूली एवं राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के लिए सीएसपीडीसीएल द्वारा 19 सितंबर को महासमुंद जिले के महासमुंद, पिथौरा और सरायपाली संभाग में विशेष ‘मास डिस्कनेक्शन’ अभियान चलाया गया। मुख्य अभियंता ए.के. लखेरा एवं अधीक्षण अभियंता एस.के. साहू के निर्देशन में विभागीय टीमों ने बड़े बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सघन कार्रवाई की।
अभियान के दौरान घरेलू, गैर-घरेलू, कृषि एवं औद्योगिक श्रेणी के 155 से अधिक विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए। वहीं 109 उपभोक्ताओं से मौके पर ही 17 लाख 49 हजार 507 रुपये की तत्काल राजस्व वसूली की गई।
महासमुंद संभाग में 144 बकायादारों को चिन्हित किया गया, जिन पर 79.65 लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि थी। इनमें 78 कनेक्शन काटे गए तथा 29 उपभोक्ताओं से 7.37 लाख रुपये की वसूली हुई। पिथौरा शहर में 44 कनेक्शन विच्छेदित किए गए और 14 उपभोक्ताओं से 1.97 लाख रुपये जमा कराए गए। सरायपाली संभाग में 33 से अधिक कनेक्शन काटे गए तथा 66 उपभोक्ताओं से 8.14 लाख रुपये की वसूली की गई।
अभियान के दौरान विद्युत अनियमितता एवं अवैध विद्युत उपयोग के 6 मामलों में धारा 138 के तहत पंचनामा तैयार किया गया है। संबंधित मामलों में पुलिस को सूचना देने और विशेष न्यायालय में प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई जारी है।
अधीक्षण अभियंता एस.के. साहू ने उपभोक्ताओं से समाधान योजना का लाभ उठाकर बकाया राशि जमा करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि योजना की निर्धारित अवधि सितंबर में समाप्त हो रही है। बिना अनुमति विच्छेदित कनेक्शन जोड़ने पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


