
रायपुर। छत्तीसगढ़ सर्व रविदास समाज रायपुर की प्रबंध कार्यकारिणी समिति का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आज 22 नवंबर 2025 को सिविल लाइन स्थित वृंदावन हाल में अत्यंत उत्साह, उल्लास और गौरव के साथ संपन्न हुआ।
समाज की उन्नति और संगठन की नई दिशा तय करने वाले इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश की अनेक प्रतिष्ठित प्रशासनिक और सामाजिक हस्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ IAS अधिकारी महादेव कावेरी, दिलीप वासनिकर एवं वरिष्ठ IPS अधिकारी रतनलाल डांगी उपस्थित रहे।
इसके अलावा समाज के प्रदेश संरक्षक, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षगण, सुनील रामटेके, रविंद्र रामटेके सहित बड़ी संख्या में सम्मानितजन एवं गणमान्य समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई तथा समाज की उन्नति के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
नवगठित प्रबंध कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने समाज की एकता, संगठन, शिक्षा, स्वालंबन और सामाजिक न्याय को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान जय गुरु रविदास के उद्घोषों से पूरा सभागार गूंज उठा। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए वरिष्ठजन, महिलाएँ और युवाओं ने उत्साहपूर्वक पदाधिकारियों का स्वागत किया।
समारोह के अंत में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. के.एल. टांडेकर ने सभी विशिष्ट अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “समाज की शिक्षा, संगठन और सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। आने वाला समय समाज के विकास का होगा।”
इस आयोजन की सूचना प्रसारित करने, व्यवस्था समन्वय और मीडिया संचार में सर्व रविदास समाज रायपुर के मीडिया प्रभारी रवि विदानी की भूमिका अत्यंत सार्थक और महत्वपूर्ण रही। समाज की गतिविधियों को जन-जन तक पहुँचाने में उनका योगदान सराहनीय है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


