Saturday, 7 Mar 2026

सनसनीखेज खुलासा: पति ने प्रेमिका के लिए पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे की कर दी गला घोंटकर हत्या

कोंडागांव/फरसगांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में एक महीने से लापता चल रही महिला भागवती सेठिया (26 वर्ष) और उनके 3 वर्षीय बेटे वात्सल्य उर्फ बिट्टू की निर्मम हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महिला का पति रोहित सेठिया ही इस जघन्य अपराध का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपनी प्रेमिका के लिए पत्नी और अपने ही मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहित सेठिया समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रोहित की प्रेमिका बसंती प्रधान, मां उर्मिला सेठिया, पिता रमेशचंद सेठिया और अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। आरोपियों ने फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की कुशल जांच से पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।

घटना का पूरा विवरण

– भागवती सेठिया का विवाह 2020 में गुहाबोरण्ड निवासी रोहित सेठिया से हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। रोहित का बसंती प्रधान नाम की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह पत्नी से तलाक लेना चाहता था और परिवारिक न्यायालय में मामला भी चल रहा था। कोर्ट ने भागवती के पक्ष में महीने का 5 हजार रुपये भरण-पोषण भी निर्धारित किया था, जिसे देने से बचने और प्रेमिका से शादी करने के लिए रोहित ने हत्या की साजिश रची। 22 नवंबर 2025 को रोहित ने अपने ममेरे भाई नरेश पाण्डे और दोस्त मिथलेश मरकाम के साथ मिलकर कार (CG-27-P-0632) से भागवती और बच्चे को विशाखापटनम घूमने के बहाने घर से ले गया। उड़िशा रोड पर सुनसान जगह में तीनों ने मिलकर पहले भागवती की गला घोंटकर हत्या की और शव को पत्थर बांधकर इंद्रावती नदी में फेंक दिया। इसके बाद मासूम बच्चे की भी गला घोंटकर हत्या कर शव को उड़िशा के सिंगसाड़ी के पास तालाब में फेंक दिया। उड़िशा पुलिस ने इंद्रावती नदी से महिला का शव बरामद कर मामला दर्ज किया था। बच्चे का शव बरामदगी की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

मामला 6 दिसंबर को भागवती के भाई की शिकायत पर गुम इंसान के रूप में दर्ज हुआ था। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकास राय की टीम ने CDR, टावर लोकेशन और साइबर सेल की मदद से मामले का खुलासा किया।

फरसगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2025 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित सेठिया (पति, मुख्य आरोपी) – गुहाबोरण्ड, नरेश पाण्डे (ममेहरा देवर) – बुडरा, मिथलेश मरकाम (दोस्त) – टेडमुण्ड, बसंती प्रधान (प्रेमिका) – बवई, रमेशचंद सेठिया (ससुर), उर्मिला सेठिया (सास), प्रभूलाल पाण्डे (मामा ससुर) – बुडरा शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कुछ अन्य रिश्तेदारों को भी घटना की जानकारी थी और उन्होंने आरोपियों को छिपाने में मदद की। जांच जारी है और जल्द ही बच्चे का शव भी बरामद कर लिया जाएगा। यह घटना क्षेत्र में सनसनी फैला रही है। समाज में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545