भिलाई नगर।नए साल के पहले दिन नगर पालिक निगम भिलाई में स्वच्छता कर्मियों के योगदान को सम्मान देते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और सम्मानित किया।
भिलाई को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में दिन-रात जुटी स्वच्छता दीदीयों एवं सफाई कर्मियों की मेहनत की सराहना करते हुए आयुक्त ने सभी जोन कार्यालयों में उन्हें सम्मानित करने का निर्देश दिया था। इसके तहत वार्ड पार्षदों एवं निगम कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वच्छता दीदीयों व कर्मियों को पुष्प देकर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कर्मियों ने उत्साह के साथ “पर्यावरण को बचाना है, प्लास्टिक को जड़ से मिटाना है” का नारा लगाते हुए जन जागरूकता रैली भी निकाली। इस रैली के माध्यम से नागरिकों को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
स्वच्छ एवं सुंदर भिलाई’ अभियान के तहत मैदानी स्तर पर युद्धस्तर पर कार्य कर रहे इन कर्मियों का यह सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में निगम की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।


