मनरेगा संग्राम कार्यक्रम में अनुशासनहीनता पर कांग्रेस का बड़ा एक्शन
जनपद पंचायत महासमुंद की सभापति सृष्टि ध्रुव 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित
मोहित ध्रुव पर भी कार्रवाई की अनुशंसा, संगठन ने दिया सख्त संदेश
महासमुंद। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की उपस्थिति में आयोजित मनरेगा संग्राम कार्यक्रम के समापन अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित भाषा और दुर्व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस संगठन ने इस मामले में अनुशासन को सर्वोपरि मानते हुए कड़ा कदम उठाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत महासमुंद की वर्तमान सदस्य एवं सभापति सृष्टि ध्रुव को पार्टी अनुशासन भंग करने का दोषी मानते हुए कांग्रेस पार्टी से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है। यह निर्णय कार्यक्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष खिलावन साहू द्वारा जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव को प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि मनरेगा संग्राम कार्यक्रम के दौरान सृष्टि ध्रुव द्वारा पार्टी पदाधिकारियों के साथ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे संगठन की गरिमा और अनुशासन को गहरा आघात पहुंचा।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के आधार पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा निष्कासन की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से कर दी गई है। वहीं, इसी प्रकरण में मोहित ध्रुव के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए प्रकरण जिला कांग्रेस कमेटी को भेजा गया है, जिस पर शीघ्र निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
कांग्रेस संगठन ने इस कार्रवाई के माध्यम से यह साफ कर दिया है कि चाहे पद कितना भी बड़ा क्यों न हो, पार्टी की मर्यादा और अनुशासन से ऊपर कोई नहीं है। अनुशासनहीनता और संगठन विरोधी आचरण पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



