Wednesday, 15 Jul 2026

चोरी के मामले में 12 आरोपी गिरफ्तार, 31 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद

महासमुंद। जिले में लगातार हुई तीन बड़ी चोरी की वारदातों का महासमुंद पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर 31 लाख 39 हजार 640 रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र ने अहम भूमिका निभाई।

पहला मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली का है, जहां शादी में गए परिवार के सूने मकान का ग्राइंडर से ताला काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे। पुलिस ने लगातार निगरानी और मुखबिर की सूचना पर राहुल उर्फ भोजदास साहू को गिरफ्तार किया। आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसके कब्जे से 7 लाख 26 हजार 940 रुपये के सोने-चांदी के जेवर, मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त ग्राइंडर बरामद किया गया।

दूसरे मामले में सिंघोड़ा थाना पुलिस ने नकबजनी करने वाले पारधी गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद के अलावा सक्ती और कोरबा सहित अन्य जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने गिरोह के कब्जे से 12 लाख 46 हजार रुपये मूल्य का सोना, चांदी और तीन मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरोह के कई सदस्यों के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

वहीं तीसरे मामले में महासमुंद शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने मध्यप्रदेश के चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 1 लाख 66 हजार 700 रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महासमुंद के अलावा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के समन्वय से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों के अन्य राज्यों और जिलों में दर्ज आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!