Friday, 14 Aug 2026

बड़ी वारदात से पहले महासमुंद पुलिस का बड़ा शिकंजा, हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार

कट्टा-कारतूस लेकर गांजा तस्करी के लिए ओडिशा पहुंचे थे चार आरोपी, पलसापाली बेरियर पर नाकाबंदी में दबोचे गए। 19.25 लाख की संपत्ति जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पलसापाली बेरियर पर सघन वाहन चेकिंग के दौरान मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से जुड़े एक कथित अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल और करीब 15 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 19 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 9-10 अगस्त की दरमियानी रात पलसापाली बेरियर पर बसना पुलिस की टीम वाहनों की सघन जांच और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार पुलिस की नजर में आई। कार के पीछे पीली टीसी प्लेट MP07/C0011/TC लगी थी। वाहन में चार लोग सवार थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड/सीट के पास से एक .315 बोर का देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं कार में रखे एक बैग से 3 लाख 25 हजार रुपये नगद मिले। पुलिस ने आरोपियों की व्यक्तिगत तलाशी लेकर चार मोबाइल फोन भी जब्त किए।

गांजा खरीदने पहुंचे थे, सप्लायर से संपर्क नहीं हुआ

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे सभी आपराधिक षड्यंत्र के तहत ओडिशा के बलांगीर से गांजा खरीदने पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रास्ते में पुलिस अथवा किसी अन्य बाधा का सामना होने पर उसे दूर करने और जान से मारने की नीयत से हथियार अपने साथ रखा था। हालांकि गांजा सप्लायर से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उन्हें बिना गांजा लिए ही वापस लौटना पड़ा।

पुलिस ने आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। मामले में थाना बसना में धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं धारा 61(2)(क) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को 10 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

मध्यप्रदेश से उत्तरप्रदेश तक जुड़े हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमाशंकर शर्मा (41) निवासी ग्राम देवरी, जिला भिंड (मध्यप्रदेश), आकाश काकर शर्मा उर्फ गोलू (27) निवासी बरोही, जिला भिंड, शिवम शर्मा (26) निवासी बरोही, जिला भिंड तथा शनि सिंग उर्फ संदीप (32) निवासी गरीकरना, थाना खैरागढ़, जिला आगरा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस की इस कार्रवाई को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हथियारबंद आरोपियों को कथित तस्करी की वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया गया। अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, गांजा सप्लायरों से उनके संपर्क और हथियार की उपलब्धता के स्रोत की भी जांच कर रही है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!