महासमुंद। किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के निराकरण की जिम्मेदारी संभालने वाले उप संचालक कृषि (DDA) पर किसानों से कथित दुर्व्यवहार और असम्मानजनक व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। भारतीय किसान संघ, जिला महासमुंद ने मामले को लेकर कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने पर पद से हटाने की कार्रवाई की मांग की है।
किसान संघ की ओर से कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए उप संचालक कृषि (DDA) डॉ. एफ.आर. कश्यप से संघ द्वारा पूर्व में भी आग्रह किया गया था। आरोप है कि किसानों के साथ उनका व्यवहार असम्मानजनक एवं दुर्व्यवहारपूर्ण रहा। संघ का कहना है कि कई बार ज्ञापन देने के बावजूद किसानों की समस्याओं का अपेक्षित निराकरण नहीं किया गया। ज्ञापन में किसान संघ ने कहा कि किसानों की समस्याओं को सुनना और उनका सम्मानपूर्वक निराकरण करना संबंधित अधिकारी का दायित्व है। ऐसे में कथित दुर्व्यवहार की घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
दोष सिद्ध हुआ तो कड़ी कार्रवाई की मांग
भारतीय किसान संघ ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच के बाद यदि उप संचालक कृषि के विरुद्ध लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए। संघ ने अधिकारी को वर्तमान पद से हटाने अथवा स्थानांतरित करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की मांग रखी है।
किसानों के सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश देने की मांग
किसान संघ ने भविष्य में किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। संघ का कहना है कि कृषि विभाग किसानों से सीधे जुड़ा विभाग है और किसानों की समस्याओं को सुनना तथा उनका समाधान करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। ज्ञापन पर भारतीय किसान संघ जिला महासमुंद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं। अब इस शिकायत के बाद प्रशासन द्वारा मामले में क्या जांच और कार्रवाई की जाती है, इस पर किसानों की नजरें टिकी हैं।


