Tuesday, 24 Nov 2026

सेवा से विदाई, यादों में हमेशा रहेंगी अपर्णा और विद्या

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने भावभीनी विदाई देकर किया सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 14 कार्यकर्ता भी सम्मानित

महासमुंद। महिला एवं बाल विकास विभाग में अपनी सेवाएं पूरी कर सेवानिवृत्त हुईं परियोजना अधिकारी अपर्णा श्रीवास्तव एवं महिला पर्यवेक्षक विद्या उपाध्याय को छत्तीसगढ़ सक्षम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले महासमुंद ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने भावभीनी विदाई दी। शहर के वार्ड क्रमांक 21 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित विदाई समारोह में विभागीय अधिकारियों और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी टिकेंद्र जटवार ने की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 14 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।

सेवा के दिनों को याद कर भावुक हुईं अपर्णा

सेवानिवृत्त परियोजना अधिकारी अपर्णा श्रीवास्तव ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग में रहते हुए उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए काम करने का अवसर मिला। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के साथ बिताए अपने कार्यकाल की यादों को साझा करते हुए कहा कि विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

महिला पर्यवेक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुईं विद्या उपाध्याय ने कहा कि सेवाकाल के दौरान गरीब और जरूरतमंद महिलाओं की मदद करने के साथ-साथ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के लिए काम करना उनके सेवाकाल की सबसे महत्वपूर्ण और यादगार उपलब्धियों में रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कार्यक्रम अधिकारी टिकेंद्र जटवार ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ काम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सक्षम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुधा रात्रे ने कहा कि अपर्णा श्रीवास्तव और विद्या उपाध्याय ने अपने सेवाकाल में विभागीय जिम्मेदारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं और बच्चों के हित में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी की सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा से विदाई होती है, लेकिन उनके अनुभव, व्यवहार और उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा साथियों की यादों में जीवित रहते हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की सबसे मजबूत कड़ी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वे गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं के लिए लगातार काम करती हैं। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को सम्मानित किए जाने को संगठन के लिए गौरव का विषय बताया और कहा कि ऐसे सम्मान से अन्य कार्यकर्ताओं को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में शहरी परियोजना अधिकारी शीला प्रधान, ग्रामीण परियोजना अधिकारी दीपमाला तारक, महिला पर्यवेक्षक कुंती यादव एवं सरिता चक्रधारी, संघ की जिला अध्यक्ष सुलेखा शर्मा, ब्लॉक जिला उपाध्यक्ष लल्ली आर्य, ब्लॉक अध्यक्ष हाजरा निशा खान, उपाध्यक्ष छाया हिरवानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में छिंदोलीसे से अहिल्या ठाकुर, शुद्धारिन से भामिनी चंद्राकर, पटेवा से भामिनी चंद्राकर एवं गोमेत्री ध्रुव, तुमगांव सेक्टर से मीना विश्वकर्मा एवं मोती कुमार पटेल, झलप-2 से माधुरी एवं विमला पटेल, सिरपुर से धनबाई साहू एवं गयाबाई ध्रुव, झलप-1 से ललिता चंद्राकर एवं प्रीति ध्रुवंशी, बिरकोनी से भागवती सोनवानी एवं मोगरा कोसले, कोरंगी से चंद्रकांता भट्ट एवं निर्मला ध्रुव, लभरा से समा साहू एवं कमनी ध्रुव सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अहिल्या मरकाम, धनमती बघेल, अंजू चंद्राकर, रूपा भारती, विमला सोनी, पूर्णिमा ठाकुर, हेमलता मधुकर, सीमा बंधे, भुनेश्वरी ध्रुव, सुनीता चौधरी, सुकून यादव, पुष्पा साहू, जेमवती, जनक दुलारी, सत्यभामा, चित्रलेखा निषाद, सायरा कुरैशी, दुर्गा ध्रुव, निर्मला गायकवाड, रेणुका निषाद, योजना यादव, अन्नपूर्णा चंद्राकर, शमा साहू, पूनम चंद्राकर, अंजुला चौरसिया सहित ब्लॉक की सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!