23 हितग्राहियों को 50 प्रतिशत अनुदान पर मिली उन्नत नस्ल की गाय
बागबाहरा। जनपद पंचायत बागबाहरा के ग्राम पंचायत जोरातराई भीमखोज में विकासखंड स्तरीय पशु मेला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर रहे।
श्री चंद्राकर ने पशुपालकों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और उन्नत नस्ल के पशुओं को अपनाकर पशुपालक अपनी आय बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पशुपालकों के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका अधिकाधिक लाभ उठाया जाना चाहिए। उन्होंने पशुओं की नियमित देखभाल, बेहतर पशुपालन पद्धति और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
मेले में दुधारू गाय, भैंस, बछिया, बैल, बकरा-बकरी, मुर्गी, बतख और बटेर सहित विभिन्न वर्गों में प्रदर्शन हुआ। मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नीति आयोग के अंतर्गत विकासखंड के 23 हितग्राहियों को 50 प्रतिशत अनुदान पर उन्नत नस्ल की गाय प्रदान की गई।
अतिविशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने भी पशुपालकों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में जनपद सदस्य बलराम ध्रुव, सरपंच भेखराम बघेल, पूर्व सरपंच रामलाल सिन्हा व प्रमोद चंद्राकर, उपसरपंच सुरेश पटेल, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. अंजना नायडू, डॉ. आधार घृतलहरे, डॉ. आर.जी. यादव, डॉ. चौधरी सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।


