Saturday, 24 Oct 2026

बिजली चोरी पर विद्युत कंपनी का शिकंजा, 53 उपभोक्ता पकड़े गए

महासमुंद-गरियाबंद में 195 कनेक्शनों की जांच, कटे कनेक्शन के बाद हुकिंग और मीटर बायपास कर हो रहा था बिजली का उपयोग

महासमुंद, 24 अक्टूबर। बिजली बिल का भुगतान किए बिना अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों के खिलाफ विद्युत कंपनी ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। महासमुंद एवं गरियाबंद जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान 195 बिजली कनेक्शनों की जांच में 53 उपभोक्ता कटे कनेक्शन के बाद भी हुकिंग और मीटर बायपास कर बिजली का उपयोग करते पकड़े गए। सभी मामलों में विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) की 23 टीमों ने महासमुंद, कोमाखान, बागबाहरा, सांकरा, पटेवा, गरियाबंद के देवभोग तथा सरायपाली के पालसी, यासीन कॉलोनी, इनायत पारा और भंवरपुर रोड क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान स्मार्ट मीटर से रिमोट के जरिए बिजली आपूर्ति बंद किए गए कनेक्शनों के साथ खंभे से लाइन काटे जा चुके नॉन-स्मार्ट मीटर कनेक्शनों की भी जांच की गई।

जांच में सामने आया कि कई उपभोक्ता बिजली कनेक्शन विच्छेदित होने के बावजूद सीधे खंभे से हुकिंग कर अथवा मीटर को बायपास कर बिजली का उपयोग कर रहे थे। विद्युत कंपनी ने इन मामलों में पंचनामा तैयार कर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत कार्रवाई शुरू की है। प्रकरणों को पुलिस थाने एवं विशेष न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया चल रही है।

विद्युत कंपनी के अनुसार, इससे पहले भी अभियान के तहत 263 प्रकरणों में पंचनामा तैयार कर विशेष न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी की गई थी। अब 53 नए मामले सामने आने के बाद अवैध बिजली उपयोग के खिलाफ कार्रवाई और तेज हो गई है। बिजली चोरी साबित होने पर संबंधित उपभोक्ताओं को कारावास, जुर्माना और बकाया राशि की वसूली जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

विद्युत कंपनी ने बकायादार उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने और पात्रता के अनुसार समाधान योजना का लाभ लेने की अपील की है। कंपनी का विशेष जांच अभियान 31 मार्च 2027 तक जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कटे हुए बिजली कनेक्शन को बिना अनुमति दोबारा जोड़ना या मीटर बायपास कर बिजली का उपयोग करना दंडनीय है। उपभोक्ता बकाया भुगतान और समाधान योजना की जानकारी के लिए संबंधित विद्युत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!