Tuesday, 24 Nov 2026

शासकीय और आदिवासी जमीन के दस्तावेजों में हेराफेरी का आरोप, करणी कृपा पावर की जांच की मांग

महासमुंद। जिले में सरकारी जमीनों के कथित अवैध पंजीयन और दस्तावेजों में हेराफेरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। तुमगांव क्षेत्र में शासकीय भूमि, आदिवासी भूमि, काबिल काश्त जमीन और सिंचाई विभाग की जमीन को लेकर छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को शिकायत सौंपी है। 17 नवंबर 2026 को जनदर्शन में दिए गए इस आवेदन में करणी कृपा पावर प्रा.लि. का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है। किसान मोर्चा ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, भारत सरकार के नेशनल हाईवे, सिंचाई विभाग, आदिवासी एवं शासकीय मद की जमीनों को कथित तौर पर निजी भूमि के रूप में दर्शाकर पंजीयन कराने का खेल किया गया। आवेदन में खसरा नंबर 86, 87, 88, 89, 90 और 99/2 का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि मूल खसरों में बदलाव कर 86/2, 86/1, 87/1 और 89/2 जैसे खसरों के जरिए अलग-अलग रकबे की जमीन का पंजीयन कराया गया। शिकायत में इन जमीनों का कुल रकबा भी दर्ज किया गया है।

करणी कृपा पावर प्रा.लि. के नाम पर जमीन दर्ज होने पर सवाल

किसान मोर्चा की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि करणी कृपा पावर प्रा.लि. के संचालक विजय चौधरी (बालकोर्ट, भाठागांव, रायपुर) और सौरभ टोला (फरिश्ता कॉम्प्लेक्स, रायपुर) के नाम पर संबंधित जमीनों के दस्तावेज दर्ज हैं। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जिन जमीनों का मूल स्वरूप शासकीय, राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा अन्य सरकारी प्रयोजन के लिए दर्ज था, उन्हें किस आधार पर निजी स्वामित्व के रूप में दर्ज किया गया? मोर्चा ने कंपनी के नाम पर दर्ज जमीनों के स्वामित्व और पंजीयन की वैधता की जांच की मांग की है।

66 मीटर हाईवे की जमीन पर डायवर्सन का आरोप

शिकायत में सबसे गंभीर सवाल राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन को लेकर उठाया गया है। किसान मोर्चा का आरोप है कि भारत सरकार की जमीन पर निजी स्वामित्व दर्शाते हुए करीब 66 मीटर क्षेत्र में डायवर्सन की अनुमति दी गई। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि खसरा नंबर 86 की जमीन पर छत्तीसगढ़ महतारी की 3 बाई 8 फीट की प्रतिमा स्थापित है। इसके बावजूद जमीन के स्वामित्व और उपयोग को लेकर गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। मोर्चा ने सवाल उठाया है कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन किसी निजी संस्था को हस्तांतरित या विक्रय नहीं की गई, तो उस पर निजी अधिकार किस आधार पर स्थापित हुए? शिकायत के अनुसार, 24 फरवरी 2022 से गांधीवादी सत्याग्रह के माध्यम से किसान इस मामले को उठा रहे हैं। किसान नेताओं का कहना है कि उन्होंने संबंधित जमीनों के दस्तावेजों और अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष कई बार आपत्तियां दर्ज कराईं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय आंदोलनकारियों को ही परेशान किया गया और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। मोर्चा ने अपने आवेदन में उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए कहा है कि अधिकारियों के समक्ष शिकायत प्रस्तुत करने और उस पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद मामले का निराकरण नहीं होने से किसानों में नाराजगी है।

प्रदूषण से किसानों और ग्रामीणों को नुकसान का दावा

आवेदन में संबंधित औद्योगिक गतिविधियों से पर्यावरण प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया गया है। किसान मोर्चा का आरोप है कि कारखाने से निकलने वाले प्रदूषण और दूषित पानी के कारण आसपास के गांवों में खेती और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शिकायत में फसल खराब होने, भूजल प्रदूषित होने और पशु-पक्षियों सहित जीव-जंतुओं को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

राजस्व अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग

किसान मोर्चा ने शिकायत में पटवारी, आरआई, नायब तहसीलदार, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि मूल राजस्व अभिलेखों में कथित बदलाव और संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर जमीनों का पंजीयन एवं नामांतरण किया गया। मोर्चा ने इन सभी प्रक्रियाओं की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 156(3) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने, संबंधित दस्तावेजों की जांच करने और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई है। आवेदन की प्रतिलिपि राज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्री, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, गृह सचिव और रायपुर संभागायुक्त सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को भेजी गई है।

तुमगांव की जमीनों से जुड़ा यह मामला केवल राजस्व अभिलेखों तक सीमित नहीं रह गया है। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग की जमीन, शासकीय भूमि, आदिवासी जमीन और करणी कृपा पावर प्रा.लि. के नाम पर दर्ज जमीनों का मामला भी जुड़ गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकारी जमीनों का वास्तविक मालिकाना हक क्या है और यदि दस्तावेजों में हेराफेरी हुई है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? अब देखना होगा कि जनदर्शन में मिली इस शिकायत पर जिला प्रशासन कितनी गंभीरता से जांच कराता है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होती है।

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!