
महासमुंद। जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज बुधवार को करीब 19 क्विंटल से अधिक गांजे का नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई शासन की गाइडलाइन के अनुरूप जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई। नष्टीकरण की यह कार्यवाही बालाजी प्लांट बेलसोंडा में संपन्न हुई। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष प्रभात कुमार पुलिस अधीक्षक, सदस्य सुशील नायक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सदस्य जिला आबकारी अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के समक्ष भौतिक सत्यापन के बाद गांजे को नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 57 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में कुल 1998.543 किलो यानी 19 क्विंटल 98 किलो 543 ग्राम गांजा जब्त किया गया था। जब्त गांजे की कुल कीमत 10 करोड़ 35 लाख 13 हजार 500 रुपये आंकी गई है।नष्टीकरण में शामिल प्रकरणों में थाना कोमाखान के 21, थाना सिंघोड़ा के 18, थाना बसना के 14, थाना सराईपाली के 02, थाना महासमुंद के 01 तथा थाना बागबाहरा के 01 प्रकरण शामिल हैं। ये सभी प्रकरण वर्ष 2026 के हैं।


