Tuesday, 24 Nov 2026

नदिमोड़ पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर जुए का फड़, कार्रवाई पर सवाल!

महासमुंद। महासमुंद थाना क्षेत्र के नदीमोड़ ब्रिज के नीचे आज खुलेआम ताश और ‘गुल’ खड़खड़िया नामक जुआ खेला जा रहा, नेशनल हाईवे 53 से गुजरने वाले राहगीर पुल के ऊपर खड़े होकर देख रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटकर जुआ खेलने में लगी हुई है, वहां से महज 100 मीटर की दूरी पर नदीमोड़ पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद इतने बड़े पैमाने पर जुए का संचालित होना पुलिस की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।

इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नदीमोड़ ब्रिज के नीचे बड़ी संख्या में लोग अलग-अलग समूहों में जमा दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोग गोल घेरा बनाकर बैठे नजर आ रहे हैं। आसपास की गतिविधियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां बाकायदा जुए के फड़ संचालित हो रहे हैं। भीड़ की संख्या इतनी अधिक है कि पुल के ऊपर से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी यह नजारा कौतूहल का विषय बना हुआ है। लोग पुल से नीचे झांककर इस भीड़ को देखते नजर आते हैं।

स्थानीय स्तर पर इस तरह की गतिविधियों को लेकर चर्चा है कि नदीमोड़ ब्रिज के नीचे जुए का खेल चल रहा है। यदि यह गतिविधियां लगातार संचालित हो रही हैं, तो सवाल उठना लाजिमी है कि पुलिस चौकी के इतने करीब सैकड़ों लोगों का जमावड़ा आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजरों से कैसे बच रहा है? क्या पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है या फिर सूचना के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है? जुआ जैसी गतिविधियां न केवल सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि कई बार इनके चलते आर्थिक नुकसान, विवाद और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

अब बड़ा सवाल यह है कि जब पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर इतनी बड़ी भीड़ जुट रही है, तो पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लग रही? क्या पुलिस प्रशासन इस वीडियो को संज्ञान में लेकर मौके पर जांच और कार्रवाई करेगा, या फिर नदी ब्रिज के नीचे जुए का यह कथित फड़ इसी तरह चलता रहेगा? महासमुंद पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों से अब इस मामले में जवाबदेही और ठोस कार्रवाई की अपेक्षा है।

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!