Thursday, 28 May 2026

बोर्ड परीक्षा में महासमुंद का परचम, 10वीं-12वीं मेरिट सूची में चमके जिले के सितारे

महासमुंद। माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा घोषित सत्र 2025-26 के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में महासमुंद जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जिले के विद्यार्थियों ने न केवल उत्तीर्ण प्रतिशत में बेहतर उपलब्धि हासिल की, बल्कि प्रदेश की मेरिट सूची में भी स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है। खास बात यह रही कि इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

10वीं बोर्ड परीक्षा में महासमुंद का शानदार प्रदर्शन

कक्षा 10वीं परीक्षा में जिले से कुल 12 हजार 851 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें 5 हजार 461 बालक तथा 7 हजार 390 बालिकाएं शामिल थीं। इनमें से 12 हजार 663 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परिणाम में कुल 10 हजार 3 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 79.35 रहा। छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 73.64 रहा, जबकि छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.49 दर्ज किया गया। इससे स्पष्ट है कि बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर परिणाम देकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। श्रेणीवार परिणाम की बात करें तो 5 हजार 385 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी, 4 हजार 253 ने द्वितीय श्रेणी तथा 365 विद्यार्थियों ने तृतीय श्रेणी प्राप्त की।

10वीं मेरिट सूची में महासमुंद की बेटियों का जलवा

प्रदेश की टॉप-10 सूची में महासमुंद जिले के 8 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें अधिकांश छात्राएं हैं। प्रथम स्थान पर संयुक्त रूप से संध्या नायक (एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुन्दा) एवं परीरानी प्रधान (एकलव्य इंग्लिश स्कूल बलोदा) रहीं। दोनों ने 600 में से 594 अंक प्राप्त कर 99 प्रतिशत अंक हासिल किए।

द्वितीय स्थान पर रानू सिद्धमयी साहू एवं रेणुका प्रधान, दोनों एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुन्दा की छात्राएं रहीं। इन्होंने 600 में से 593 अंक प्राप्त कर 98.83 प्रतिशत अंक अर्जित किए।

इसके अलावा चाहत चौधरी ने 588 अंक के साथ 7वां स्थान, हीना साहू ने 587 अंक के साथ 8वां स्थान तथा आरती चंद्रा एवं लता चौधरी ने 585 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से 10वां स्थान हासिल किया।

12वीं बोर्ड परीक्षा में भी बेहतर परिणाम

कक्षा 12वीं परीक्षा में जिले से कुल 10 हजार 664 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें 4 हजार 426 छात्र तथा 6 हजार 238 छात्राएं शामिल थीं। इनमें से 10 हजार 579 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।

परिणाम में कुल 8 हजार 537 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। जिले का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 80.89 रहा। इसमें छात्रों का परिणाम 76.31 प्रतिशत तथा छात्राओं का परिणाम 84.12 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रथम श्रेणी में 5 हजार 420, द्वितीय श्रेणी में 2 हजार 976 तथा तृतीय श्रेणी में 141 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।

12वीं मेरिट सूची में भी महासमुंद के विद्यार्थी शामिल

प्रदेश की टॉप-10 सूची में जिले के 4 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया। शाहनाज परवीन (केजी कॉन्वेंट स्कूल सरायपाली) ने 488 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 4वां स्थान हासिल किया।

गीतिका प्रधान (केबीआर स्कूल पटेवारीडीह, सरायपाली) ने 485 अंक के साथ 7वां स्थान प्राप्त किया।

वहीं पूर्वी देवांगन (सरस्वती शिशु मंदिर तुमगांव) तथा दिव्या अग्रवाल (एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुन्दा) ने 483 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से 9वां स्थान हासिल किया।

जिले के शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह उत्कृष्ट परिणाम संभव हुआ है। महासमुंद जिले के इन शानदार परिणामों ने यह साबित कर दिया है कि जिले के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!