महासमुंद। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा प्रतिवर्ष 7 अगस्त को राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी अवसर पर महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ द्वारा 7 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय भाला फेंक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन फॉरेस्ट ग्राउंड, बी.टी.आई. रोड, महासमुंद में किया जाएगा।
राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा द्वारा 7 अगस्त 2021 को टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतकर रचा गया इतिहास को याद करते हुए मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य देश में भाला फेंक खेल को बढ़ावा देना, युवाओं को इस खेल के प्रति प्रेरित करना तथा ग्रामीण और जमीनी स्तर से उभर रही खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में आयोजित इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं एथलेटिक्स से जुड़े प्रतिभावान खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की युवा खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने तथा भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। महासमुंद जिला एथलेटिक्स संघ ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं एथलेटिक्स प्रेमियों से अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रातः 10 बजे तक फॉरेस्ट ग्राउंड, बी.टी.आई. रोड, महासमुंद में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। प्रत्येक प्रतिभागी के लिए आयु प्रमाण-पत्र एवं वैध पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर पहुंचकर रिपोर्टिंग करना होगा।


