Thursday, 28 May 2026

जनपद अध्यक्ष केशव नायक रामचंद्राकर ने किया शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

बागबाहरा। महासमुंद जिले के सुप्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन खल्लारी मेला महोत्सव का इस वर्ष भव्य शुभारंभ श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ हुआ। ऐतिहासिक आस्था केंद्र खल्लारी माता मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पांच दिवसीय मेला महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष केशव नायक रामचंद्राकर के करकमलों से दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष विनोद त्रिवेदी, जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत खल्लारी के सरपंच पुष्पेंद्र साहू ने की।

अपने संबोधन में केशव नायक रामचंद्राकर ने मां खल्लारी की जयकार के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि यह धाम सदियों से आस्था और विश्वास का केंद्र रहा है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए आते हैं। उन्होंने खल्लारी मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि तरुण व्यवहार ने खल्लारी महोत्सव को छत्तीसगढ़ की पहचान बताते हुए इसे हर वर्ष और बेहतर ढंग से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। वहीं जनपद पंचायत सीईओ एम.एल. मरावी ने प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की बात कही।

धार्मिक मान्यता के अनुसार खल्लारी माता मंदिर प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है, जो प्राकृतिक सौंदर्य से घिरी पहाड़ी पर स्थित है। यहां पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को सैकड़ों सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में उपसरपंच एवं समाजसेवी तारेश साहू ने आभार प्रदर्शन किया।खल्लारी मेला महोत्सव का यह भव्य शुभारंभ एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक एकजुटता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। आने वाले दिनों में यह मेला हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेगा।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!