संवादाता बालाराम कोलते
दुर्ग, 19 अप्रैल। सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी वाले वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, अनामिका उपाध्याय नामक युवती द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर के प्रति असम्मानजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया गया है। इस घटना से आंबेडकरवादी समाज सहित विभिन्न संगठनों के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
घटना के विरोध में आयुष महिला कल्याण समिति, बाम्बे आवास उरला, जिला दुर्ग द्वारा संबंधित युवती के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. आंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के प्रेरणास्रोत, सामाजिक न्याय के प्रतीक और भारतीय संविधान के शिल्पकार हैं। उनके खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणी से समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
समिति द्वारा आज 19 अप्रैल को मोहन नगर थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपने और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए सभी समर्थकों और समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है।
आयोजकों के अनुसार, एकत्रित होने का स्थान ग्रीन चौक निर्धारित किया गया है, जहां दोपहर 12 बजे सभी लोग जुटेंगे। इसके बाद वहां से सामूहिक रूप से मोहन नगर थाना, दुर्ग के लिए प्रस्थान किया जाएगा।
समिति ने सभी क्षेत्रों के बाबा साहेब के अनुयायियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होने का अनुरोध किया है। साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी महापुरुषों और समाज की भावनाओं का अपमान करने का साहस न कर सके। फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोगों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


