Thursday, 28 May 2026

पूर्व नपा सभापति हरदीप सिंह रैना अवैध शराब परिवहन में गिरफ्तार, महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच एक चर्चित कार्रवाई में पूर्व नगर पालिका सभापति हरदीप सिंह रैना को पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब परिवहन करते गिरफ्तार किया है। बसना क्षेत्र में कार से शराब बरामद होने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी सुर्खियों में आ गया है।

महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बसना, पटेवा और पिथौरा पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 95.420 लीटर अवैध शराब जब्त की है। इस दौरान 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं एक कार सहित करीब 5.32 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क पर मिली सूचना के आधार पर की गई। अभियान के दौरान अब तक 6578.080 लीटर शराब (कीमत 18.17 लाख रुपये) जब्त की जा चुकी है और 518 प्रकरणों में 587 आरोपियों पर कार्रवाई की गई है।

बसना थाना क्षेत्र में कार्रवाई

बसना पुलिस ने ग्राम गढ़फुलझर और नगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर रामबाई महिलांगे, रज्जु गेनड्रे और कृष्ण महिलाने को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से कुल 45 लीटर महुआ शराब बरामद की गई।

कार से शराब परिवहन का मामला

मुखबिर सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार क्रमांक CG 06 GZ 2093 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 27 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कार में सवार हरदीप सिंह रैना, गोविंद मिश्रा और मकरध्वज कोडाकू को मौके पर गिरफ्तार किया गया। हरदीप सिंह रैना  सभापति रह चुके हैं। पुलिस ने शराब सहित वाहन जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

पटेवा थाना क्षेत्र में कार्रवाई

पटेवा पुलिस ने ग्राम पचरी में दबिश देकर रूखमणी लहरे को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। जप्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 5200 रुपये आंकी गई है।

पिथौरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई

पिथौरा पुलिस ने खेल मैदान क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लोकनाथ जल्छत्री को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3.420 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना “संवाद” हेल्प डेस्क नंबर 9479229939 पर दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!