Sunday, 31 May 2026

कोरिया में फूड सेफ्टी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

108 किलो तरबूज, आम समेत सड़े फल और 6 दर्जन केले कराए गए नष्ट

बैकुंठपुर। जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले फल विक्रेताओं के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए तीन दिनों में कई दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सड़े-गले फल जब्त कर नष्ट कराए गए। विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण फल बेचने की सख्त हिदायत दी है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश एवं कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर के नेतृत्व में 27 मई से 29 मई तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार 27 मई को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 6 फल दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान 22 किलोग्राम आम, 4 किलोग्राम सेब, 14 दर्जन केले, 1 किलोग्राम संतरा और 500 ग्राम अनार खराब पाए जाने पर नष्ट कराया गया।इसके बाद 28 मई को टीम पटना क्षेत्र पहुँची, जहां 9 फल दुकानों की जांच की गई। दुकानदारों को सड़े एवं खराब फल नहीं बेचने तथा दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

कार्रवाई के तीसरे दिन 29 मई को जिला मुख्यालय के विभिन्न क्षेत्रों में 5 फल दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान 65 किलोग्राम तरबूज, 12 किलोग्राम आम, 1 किलोग्राम सेब, 2 दर्जन केले, 1 किलोग्राम अंगूर और 1 किलोग्राम चुकंदर खराब पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।

अभिहित अधिकारी नीलम ठाकुर ने कहा कि गर्मी के मौसम में सड़े-गले एवं हानिकारक रसायनों से पकाए गए फल बेचने वालों के खिलाफ विभाग लगातार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी फल विक्रेताओं को दुकान में साफ-सफाई रखने और केवल गुणवत्तापूर्ण फल बेचने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जिलेभर में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में नमूना सहायक प्रमोद पैकरा एवं निधि जायसवाल की सक्रिय भूमिका रही।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!