Saturday, 13 Jun 2026

सरिता पाठक को श्रद्धांजलि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने आंदोलन जारी रखने का लिया संकल्प

महासमुंद। छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की प्रांताध्यक्ष स्वर्गीय सरिता पाठक की स्मृति में गुरुवार को रायपुर स्थित गुजराती धर्मशाला, स्टेशन रोड में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ज्ञात हो कि जुझारू, मिलनसार एवं प्रभावशाली नेतृत्व क्षमता के लिए पहचानी जाने वाली सरिता पाठक का 31 मई को अस्वस्थता के चलते निधन हो गया था। उनके निधन से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका आंदोलन को बड़ी क्षति पहुंची है।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता अनिता नायक ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत सरिता पाठक के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दो मिनट का मौन रखकर की गई। सभा का संचालन टीयूसीआई (TUCI) छत्तीसगढ़ के संयोजक कॉमरेड सौरा ने किया।

सभा में छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संयुक्त मंच से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान देवेंद्र पटेल, हेमा भारती, सुधा रात्रे, रुक्मणी सज्जन, अनूपा कुशवाहा, कॉमरेड तुहिन, लता साहू, रोशनी, सुमन यादव, विजय कुमार झा, खेवन कश्यप, द्रौपदी साहू, गायत्री चतुर्वेदी, बीना साहू, सुनीति साहू, कविता यादव तथा भारती मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने सरिता पाठक के व्यक्तित्व एवं उनके संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।

वक्ताओं ने कहा कि सरिता पाठक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान की और जीवनपर्यंत उनके हितों के लिए संघर्ष करती रहीं। उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

सभा में उपस्थित सभी साथियों ने सरिता पाठक के अधूरे सपनों को पूरा करने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के स्थायीकरण, सरकारीकरण, पेंशन सहित अन्य सेवानिवृत्ति सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन अध्यक्षीय उद्बोधन एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!