वन विभाग में 24 IFS अधिकारियों का तबादला, महासमुंद के वन उप संरक्षक का भी हुआ स्थानांतरण
महासमुंद। छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 IFS अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। तबादला सूची में महासमुंद वनमंडल के वन उप संरक्षक मयंक पांडे का भी स्थानांतरण किया गया है। उन्हें अब गरियाबंद वनमंडल का वन उप संरक्षक बनाया गया है। वहीं श्रीनिवास तन्नेटी को महासमुंद का नया वन उप संरक्षक नियुक्त किया गया है। अधिकारियों के इस फेरबदल के बाद महासमुंद वनमंडल में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
मयंक पांडे के स्थानांतरण के साथ ही महासमुंद वनमंडल की जिम्मेदारी अब श्रीनिवास तन्नेटी को सौंपी गई है। नई पदस्थापना के बाद उनके सामने वन संरक्षण, अवैध कटाई पर नियंत्रण, वन्यजीव संरक्षण तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रहेंगी।
वन विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में गणवीर धम्मशील को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं उत्तम कुमार गुप्ता को इंद्रावती टाइगर रिजर्व का प्रभारी मुख्य वन संरक्षक बनाया गया है। दुलेश्वर प्रसाद साहू को मनेन्द्रगढ़ वनमंडल तथा पंकज राजपूत को रायपुर वनमंडल का वन उप संरक्षक बनाया गया है। इसके अलावा प्रभाकर खलखो को सरगुजा कार्य आयोजना वनमंडल का प्रभारी वन संरक्षक, संदीप बलगा को पूर्व भानुप्रतापपुर वनमंडल, सत्यदेव शर्मा को धरमजयगढ़, कुमार निशांत को खैरागढ़ तथा पंकज कुमार कमल को मरवाही वनमंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
पुष्पलता टंडन को सारंगढ़-बिलाईगढ़, लोकनाथ पटेल को सरगुजा, शषिगानंदन के. को कांकेर, चंद्रशेखर परदेशी को कोरिया, दिपेश कपिल को बस्तर, चंद्र कुमार अग्रवाल को दुर्ग और विपुल अग्रवाल को सूरजपुर का वन उप संरक्षक बनाया गया है। वहीं अभिषेक जोगावत को लघु वनोपज संघ में उप महाप्रबंधक तथा रौनक गोयल को PCCF कार्यालय में वन उप संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। जितेन्द्र कुमार उपाध्याय, संजय यादव, ग्रीष्मी चांद और ऋषभ जैन की पदस्थापना/प्रतिनियुक्ति छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम में की गई है।
महासमुंद वनमंडल में नए वन उप संरक्षक श्रीनिवास तन्नेटी की पदस्थापना के बाद अब विभागीय कामकाज में किस तरह के बदलाव आते हैं, इस पर वन विभाग से जुड़े लोगों की नजर रहेगी। वहीं मयंक पांडे के गरियाबंद स्थानांतरण के बाद महासमुंद वनमंडल में उनके कार्यकाल की जगह अब नए अधिकारी की कार्यशैली देखने को मिलेगी।


