अंबिकापुर। अनुपम वस्त्रालय प्रकरण से जुड़ा विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। पीड़िता के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और अनुसूचित जनजाति समुदाय को लेकर कथित अपमानजनक बयान के मामले में भाजपा नेता रवीन्द्र तिवारी के खिलाफ पुलिस ने FIR क्रमांक 0015/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर को सुनीता सोनहा सहित विभिन्न संगठनों ने पुलिस के समक्ष शिकायत देकर कथित सार्वजनिक टिप्पणियों पर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि पीड़िता के संबंध में आपत्तिजनक बातें कहने के साथ आदिवासी समाज को लेकर भी कथित तौर पर टिप्पणी की गई। पुलिस ने मामले में SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(r), 3(1)(u), 3(1)(w-ii) और 3(2)(va) तथा BNS की धारा 196(1) और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
एक अन्य मामले में भाजपा नेता धीरज सिंह पर भी FIR
इसी बीच अंबिकापुर पुलिस ने भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी FIR क्रमांक 0702/2026 दर्ज की है। शिकायतकर्ता आकांक्षा टोप्पो के अनुसार कलेक्ट्रेट मैदान के पीछे गेट के पास कथित गाली-गलौज, जातिगत टिप्पणी और धमकी का आरोप लगाया गया है।पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(1), 78(1) तथा SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(r-s) के तहत मामला दर्ज किया है।
दोनों मामलों में FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस की विवेचना में कथित बयानों, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच होगी। FIR दर्ज होना आरोपों का दोष सिद्ध होना नहीं है; अंतिम तथ्य जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होंगे।


