Saturday, 21 Nov 2026

चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार

महासमुंद। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने और दहशत फैलाने के मामले में कोमाखान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो धारदार चाकू बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अमनपुरी में दो अलग-अलग स्थानों पर युवक हाथ में चाकू लेकर लोगों को डरा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने पहली कार्रवाई खट्टी रोड स्थित मोनू सतनामी के घर के पास की। यहां अमनपुरी निवासी तिलक यादव (19 वर्ष) को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 12.4 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद हुआ।

वहीं दूसरी कार्रवाई नर्रा-खट्टी रोड पर ग्राम परसूली पुल के पास की गई। यहां पुलिस ने अमनपुरी निवासी मुकेश यादव (20 वर्ष) को पकड़ा। उसके कब्जे से करीब 11.3 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में कार्रवाई की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में कुल दो धारदार चाकू जब्त किए गए हैं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!