Wednesday, 24 Jun 2026

अवैध शराब बिक्री से परेशान ग्रामीण, सरपंच को सौंपा ज्ञापन

कांपा में खुलेआम शराब कारोबार का आरोप, आबकारी विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

महासमुंद। शहर से लगे ग्राम पंचायत कांपा में कथित अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने सरपंच को ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रही अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में बताया कि गांव में बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिसके कारण महिलाओं और युवतियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शराब के नशे में लोग सड़क पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते हैं, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब के कारण बच्चे, युवा और बुजुर्ग भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। नशे की वजह से कई परिवारों में विवाद और कलह की स्थिति बनने लगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दिन के समय भी शराब बिक्री होने से महिलाओं और लड़कियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर गांव में खुलेआम चल रहे इस अवैध कारोबार पर आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन की नजर क्यों नहीं पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध शराब बेचने वालों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों ने सरपंच से मांग की है कि ग्राम पंचायत स्तर पर सख्त कदम उठाते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग को अवगत कराया जाए, ताकि गांव में अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक लग सके।अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है, या फिर अवैध शराब का कारोबार इसी तरह चलता रहेगा।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!