Saturday, 7 Mar 2026

नेशनल हेराल्ड केस में गांधी परिवार को राहत पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका

महासमुंद। नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली कोर्ट द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं को बड़ी राहत मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के महासमुंद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार शाम भाजपा जिला कार्यालय का घेराव करने निकले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक लिया, लेकिन कांग्रेसियों ने बैरिकेड तोड़कर अपनी ताकत दिखाई।

शाम करीब 4 बजे कांग्रेस भवन से एकजुट होकर निकले कार्यकर्ताओं ने “ईडी-सीबीआई की गुंडागर्दी नहीं चलेगी”, “मोदी सरकार मुर्दाबाद” जैसे जोरदार नारे लगाए। पुलिस ने सिटी कोतवाली के पास बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन उत्साहित कांग्रेसियों ने धक्का देकर बैरिकेड तोड़ दिया और आगे बढ़ गए।

हालांकि बरोंडा चौक पर पुलिस की भारी संख्या में तैनाती के कारण उन्हें फिर रोक लिया गया। यहां सड़क पर ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करीब 30 मिनट तक धरना देकर जोरदार सभा की। नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि ईडी-सीबीआई जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को कुचलने की कोशिश की जा रही है। अदालत ने नेशनल हेराल्ड केस में ईडी की चार्जशीट खारिज कर सत्य की जीत कराई है और भाजपा की साजिश को बेनकाब कर दिया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “यह सत्य की जीत है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर झूठे मामले थोपे गए, लेकिन अदालत ने भाजपा की राजनीतिक साजिश को पूरी तरह उजागर कर दिया। मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है, एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे, डटकर मुकाबला करेंगे।”

प्रदर्शन में जनपद पंचायत बागबाहरा अध्यक्ष केशव चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष अमरजीत चावला, खिलावन बघेल, गौरव चंद्राकर, मनोज कांत साहू सहित कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस की सतर्कता के कारण प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कांग्रेसियों का जोश देखते ही बनता था।

गौरतलब है कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को ईडी की शिकायत को खारिज कर दिया, जिसमें सोनिया-राहुल पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए गए थे। कोर्ट ने इसे मेंटेनेबल नहीं माना। इसके बाद देशभर में कांग्रेस ने प्रदर्शन किए, जिसमें छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी भाजपा कार्यालयों का घेराव हुआ। महासमुंद में यह प्रदर्शन स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की एकजुटता का प्रतीक बना।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545