Friday, 29 May 2026

जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे निलंबित

प्रश्नपत्र विवाद और अनियमितताओं पर कार्रवाई

महासमुंद के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे निलंबित

महासमुंद। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने महासमुंद के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शासन ने उन पर गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता, प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना तथा विभागीय कार्यों में अनियमितता के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में 27 अप्रैल 2026 को आदेश जारी किया गया।

जारी आदेश के अनुसार, चौथी कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र में विवादित प्रश्न शामिल होने के मामले में जांच कराई गई थी। जांच में पाया गया कि प्रश्नपत्र निर्धारण, मुद्रण और वितरण की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की थी, लेकिन प्रश्नपत्र निर्माण प्रक्रिया के लिए कोई स्पष्ट कार्ययोजना नहीं बनाई गई। इसके चलते प्रश्नपत्र में आपत्तिजनक सामग्री शामिल हुई, जिससे विभाग और शासन की छवि प्रभावित हुई।

शासन ने यह भी उल्लेख किया है कि उच्च न्यायालय बिलासपुर में लंबित एक प्रकरण में विभागीय निर्देशों के बावजूद समय पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि संबंधित आदेशों और विधि शाखा द्वारा दी गई जानकारी की अनदेखी करते हुए अपील प्रस्तुत नहीं की गई।

इसके अतिरिक्त विभागीय लेखा परीक्षण में उनके कार्यकाल के दौरान गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। शासन ने इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के विपरीत गंभीर कदाचार माना है।

निलंबन अवधि में विजय कुमार लहरे का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा), रायपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। वहीं आगामी आदेश तक बी.एल. देवांगन, प्रभारी उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर को महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। निलंबन की इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। प्रशासनिक हलकों में इसे बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!