Monday, 6 Jul 2026

ट्रक के डाले में तिरपाल की दो परतों के बीच छिपाकर ले जा रहे थे गांजा, दो गिरफ्तार

महासमुंद। जिले की कोमाखान पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गुजरात ले जाई जा रही 32.070 किलोग्राम गांजा की खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में ओडिशा के गंजाम जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत 16.03 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि ट्रक, वाहन, मोबाइल और नगदी सहित कुल 28.37 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे एक आयशर ट्रक में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर उड़ीसा सीमा से लगे टेमरी जांच नाका पर वाहन की घेराबंदी कर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक के खाली डाले पर बिछाई गई तिरपाल की दो परतों के बीच गांजा को बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया था, ताकि ऊपर से देखने पर डाला पूरी तरह खाली दिखाई दे।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप महापात्र (52 वर्ष) निवासी तलरामपल्ली तथा हाडुबंधु स्वांई (47 वर्ष) निवासी बादरखपल्ली, थाना कोदला, जिला गंजाम (ओडिशा) के रूप में हुई। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा को बेगुनियापड़ा (गंजाम) से गुजरात के सूरत ले जाकर खपाने की तैयारी में थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32.070 किलोग्राम गांजा के अलावा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, दो मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 28 लाख 37 हजार 500 रुपये बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोमाखान थाना में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत धारा 20(बी)(II)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!