
महासमुंद। पिथौरा पुलिस ने ग्राम सराईटार के अठारहगुड़ी स्थित जियो मोबाइल टावर से बैटरी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बैटरी को स्कूटी से बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की Livguard बैटरी और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी जयंत बिस्वाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर की शाम से 29 अक्टूबर की सुबह के बीच मोबाइल टावर में लगी करीब 8 हजार रुपए कीमत की Livguard बैटरी अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पिथौरा थाने में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान 19 नवंबर को सूचना मिली कि ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी पप्पु उर्फ पवन वर्मा (34) और मोहन तिवारी (31) चोरी की बैटरी को स्कूटी से बेचने के लिए ले जा रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल टावर से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बैटरी और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कूटी बरामद की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


