Saturday, 7 Mar 2026

बिलासपुर लूट कांड का मिर्जापुर में खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हुई सनसनीखेज सराफा लूट की वारदात का खुलासा उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में हुआ है। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में चार अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण, नगदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मिर्जापुर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसओजी, सर्विलांस टीम तथा थाना अहरौरा एवं थाना अदलहाट पुलिस को सूचना मिली कि बिलासपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी लूट का माल लेकर कार से वाराणसी की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अहरौरा क्षेत्र स्थित सोनवरसा नहर के पास बैरियर लगाकर वाहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान CG13V7002 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास से 1.550 किलोग्राम सोने के आभूषण, दो तमंचे 0.315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा 46 हजार 100 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस टीम लखनिया दरी जंगल क्षेत्र पहुंची, जहां संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 2.218 किलोग्राम सोने के जेवर, एक देशी पिस्टल 0.32 बोर, कारतूस तथा एक लाख रुपये नगद बरामद किए गए। पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 3.8 किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण, 1 लाख 46 हजार 100 रुपये नगद, एक देशी पिस्टल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 17 फरवरी को बिलासपुर के राजकिशोर नगर थाना क्षेत्र में उन्होंने कार को टक्कर मारकर चालक को पिस्टल और हथौड़ी से घायल किया और वाहन में रखे आभूषण व नगदी लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा अन्य राज्यों में की गई वारदातों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल थाना अहरौरा में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-includes/functions.php on line 5481

Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/ihrkiamy/public_html/wp-content/plugins/gspeech/includes/gspeech_frontend.php on line 545